Noida News: सूरजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी एक ऑटो चालक ने अपनी पत्नी की मौत के तीन बाद खुद भी पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस को उसके कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार कि तीन दिन पहले नॉलेज पार्क स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूद कर ऑटो चालक की पत्नी ने खुदकुशी की थी। उसकी पत्नी की परिजन उस पर गंभीर आरोप लगा रहे थे। इसके बाद से वह परेशान था।
मेरठ के बाफर गांव का रहने वाला था चालक
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मूलरूप से जनपद मेरठ के बाफर गांव का रहने वाला 21 वर्षीय सौरभ सूरजपुर स्थिति एक कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहता था। सौरभ ने अपने कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस को सौरभ के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस का दावा है कि उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी की मौत के बाद से वह काफी परेशान था।
पत्नी के परिजन उस पर झूठा आरोप लगा रहे थे
पत्नी के परिजन उस पर झूठा आरोप लगा रहे थे, जिससे परेशान होकर वह अपनी जान दे रहा है। उनके मुताबिक सौरभ की पत्नी पारुल ने तीन दिन पहले नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र मे स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पारुल के पिता ने पुलिस से शिकायत की थी। परिजनों ने पति और सास पर बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि उनकी बेटी परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

