Monday, June 15, 2026
Homeशहरगाजियाबादकैलाश मानसरोवर यात्रा-2026: मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया...

कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026: मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया पहला जत्था,श्रद्धालुओं ने ​किया’हर-हर महादेव’ का जयघोष

Ghaziabad Newws: इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से आज कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल का प्रस्थान संपन्न हुआ। यात्रा के लिए पंजीकृत कुल 50 श्रद्धालुओं में से चिकित्सा परीक्षण के उपरांत 47 श्रद्धालु पूर्णतः स्वस्थ एवं यात्रा हेतु उपयुक्त पाए गए। जिन्हें उनके लाइजन ऑफिसर (Liaison Officers), आईटीबीपी के जवानों एवं चिकित्सा दल के साथ विशेष बस द्वारा एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।
संपूर्ण परिसर शिवमय हुआ
इस अवसर पर मंत्री सुनील शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रथम दल को विधिवत रवाना किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल उपस्थित रहे। प्रस्थान समारोह के अवसर पर कैलाश मानसरोवर भवन का संपूर्ण परिसर शिवमय हो गया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत एवं विदाई को स्मरणीय बनाने हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों एवं ताशों की मंगलध्वनि
परिसर में भजन-कीर्तन, शिव स्तुति, ढोल-नगाड़ों एवं ताशों की मंगलध्वनि के मध्य श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयघोष लगाते हुए भक्ति एवं उल्लास में सराबोर दिखाई दिए। “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” तथा “ॐ नमः शिवाय” के उद्घोषों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बसों में सवार होकर एयरपोर्ट के लिए रवाना
प्रस्थान से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने कैलाश मानसरोवर भवन स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं नृत्य करते हुए, अपार उत्साह और आध्यात्मिक भावनाओं के साथ बसों में सवार होकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उपस्थित जनसमूह ने यात्रियों के मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन तथा अधिशासी अभियंता योगेश पटेल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी संयुक्त सचिव धर्मार्थ कार्य निदेशालय श्री विश्व भूषण मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में उपस्थित रहे।
जीडीए द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं
उल्लेखनीय है कि कैलाश मानसरोवर भवन में यात्रियों के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं आरामदायक आवास, पौष्टिक एवं सात्विक भोजन, योग एवं प्राणायाम के माध्यम से उच्च हिमालयी क्षेत्रों हेतु शारीरिक तैयारी, चौबीसों घंटे चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस सेवा, आध्यात्मिक साहित्य की उपलब्धता तथा यात्रा संबंधी मार्गदर्शन हेतु समर्पित टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। संपूर्ण अवधि के दौरान उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा स्वयं व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण किया जाता रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, आत्मीय आतिथ्य एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
सिक्किम के नाथुला दर्रे के रास्ते पहुंचेगा कैलाश मानसरोवर
कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का यह प्रथम दल सिक्किम स्थित नाथुला दर्रे (Nathu La Pass) के मार्ग से होकर भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर की ओर प्रस्थान करेगा। 21 दिवसीय इस दिव्य एवं आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैलाश पर्वत की पवित्र परिक्रमा भी करेंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण समस्त श्रद्धालुओं की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना करता है तथा भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सकुशल वापसी हेतु प्रार्थना करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments