Ghaziabad News: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के पति, देवर और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति ने अपने भाई के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की और बाद में शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को मृतका सोनिया के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी और अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी पति प्रविन्द्र ने स्वीकार किया कि उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले सोनिया से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने अपने भाई विनोद कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जंगल क्षेत्र में बिटौरे के अंदर रखकर जलाया
शव को वाहन से मुजफ्फरनगर ले जाया गया, जहां जंगल क्षेत्र में बिटौरे के अंदर रखकर उसे जलाया गया। बाद में शव के अवशेषों को भी छिपाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के अवशेष भी बरामद कर लिए हैं। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

