Saturday, June 13, 2026
Homeशहरगाजियाबादसांसद अतुल गर्ग ने की बैठक की अध्यक्षता,बोले...प्रदूषण नियंत्रण के करे उपाय

सांसद अतुल गर्ग ने की बैठक की अध्यक्षता,बोले…प्रदूषण नियंत्रण के करे उपाय

Ghaziabad News: विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक माननीय सांसद, गाजियाबाद एवं समिति के अध्यक्ष श्री अतुल गर्ग की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, विधायक मोदीनगर डॉ. मंजू सिवाच, विधायक सदर संजीव शर्मा, विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, विधायक लोनी नन्दकिशोर गुर्जर, विधायक धौलाना धर्मेश तोमर, विभिन्न नगर निकायों के अध्यक्षगण, ब्लॉक प्रमुख भोजपुर सूचेता सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीडीओ कुमार सौरभ, पुलिस उपायुक्त (यातायात) त्रिगुण बिसेन, जीडीए सचिव विवेक मिश्र, परियोजना निदेशक प्रदीप पाण्डेय तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी द्वारा अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
वायु एवं जल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने जनपद में बढ़ते वायु एवं जल प्रदूषण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि कुछ औद्योगिक इकाइयों द्वारा रासायनिक एवं रंगयुक्त अपशिष्ट जल का अनुचित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे भूगर्भ जल प्रदूषित होता है, जिन पर कानूनी कार्रवाई अपेक्षित है। इसके साथ ही वायु प्रदूषण फैलाने वालों पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर अध्यक्ष ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग, प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों को संयुक्त अभियान संचालित करते हुए ऐसे मामलों की पहचान कर दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
शुद्ध पेयजल उपलब्धता के रखरखाव पर बल
जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद की विभिन्न जल टंकियों के अनुरक्षण,मरम्मत एवं नियमित सफाई की आवश्यकता पर बल दिया गया एवं जनता को नियमित रूप से पेयजल सप्लाई कराने हेतु निर्देशित किया। इस पर अध्यक्ष ने जल निगम को निर्देशित किया कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए किसी भी प्रकार की बाधा अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जाम की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश
बैठक में जनपद में बढ़ती यातायात एवं जाम की समस्या पर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि जनसामान्य को जाम से राहत दिलाने हेतु समन्वित एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट रोड, क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र, घंटाघर चौराहा, पटेल नगर चौराहा तथा अन्य प्रमुख यातायात प्रभावित स्थलों पर विशेष माइक्रो प्लान तैयार कर प्रभावी यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम गाजियाबाद, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, पुलिस एवं यातायात विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, पर्यटन विभाग, जिला पूर्ति कार्यालय, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, महिला कल्याण विभाग, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, ई-श्रम योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आवास विकास परिषद, जलकल विभाग, नगर निकायों, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, समाज कल्याण विभाग, डूडा गाजियाबाद सहित विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक रही संतोषजनक
बैठक के उपरांत सांसद एवं समिति अध्यक्ष अतुल गर्ग ने कहा कि बैठक अत्यंत उपयोगी एवं संतोषजनक रही। उन्होंने जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ द्वारा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments