Saturday, September 5, 2026
Homeशहरगाजियाबादयूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: गाजियाबाद में 25 केंद्रों पर 11 हजार अभ्यर्थी...

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: गाजियाबाद में 25 केंद्रों पर 11 हजार अभ्यर्थी देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा

Ghaziabad News: महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा (ओएमआर आधारित) के सफल, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जोनल ऑब्जर्वर, मेरठ मण्डल आरके चतुर्वेदी (सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक एवं अंशकालिक सदस्य) की अध्यक्षता व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ व एड.सीपी केशव कुमार चौधरी की उपस्थिति में की गई।
परीक्षा तीन दिन 8,9 और 10 जून को
बैठक में अवगत कराया गया कि प्रदेश स्तर पर यह परीक्षा दिनांक 08, 09 एवं 10 जून, 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 28,86,797 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। जनपद गाजियाबाद में लगभग 11,000 अभ्यर्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की संभावना है। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु जनपद में 25 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पुलिस प्रभारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा बायोमैट्रिक सत्यापन हेतु नामित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य आवश्यक कार्मिकों की भी नियुक्ति की जा चुकी है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संचालित की जाएगी।
त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए जोनल ऑब्जर्वर श्री आर.के. चतुर्वेदी ने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः शुचितापूर्ण, पारदर्शी, नकलविहीन, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में स्वविवेक से निर्णय न लिया जाए तथा परीक्षा संचालन संबंधी प्रत्येक कार्य उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका के अनुसार ही किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन कर उसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, वॉच अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण करें
बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि जनपद गाजियाबाद में पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं का संचालन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परीक्षा का आयोजन भी उसी प्रतिबद्धता एवं दक्षता के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण तन्मयता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।
अनुशासनहीनता अथवा अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित प्रत्येक गतिविधि की सतर्कता एवं गंभीरता के साथ निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा व्यवधान की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। ड्यूटी पर तैनात सभी कार्मिक समय से अपने-अपने केन्द्रों पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक में परीक्षा आयोजन से संबंधित समस्त केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments