Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद पुलिस की स्वाट टीम और थाना सिहानी गेट पुलिस ने दो चेन स्नैचर्स को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों चेन स्नैचर्स के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान ही एक लूट का सोना खरीदने वाले सर्राफ भी गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दोनों चेन स्नैचर्स घायल हैं।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने गलगोटिया विश्वविद्यालय की प्रोफेसर सहित चार महिलाओं के मंगलसूत्र और सोने की चेन झपटकर लूटी थी। सिहानी गेट पुलिस ने बुधवार की रात बदमाशों की सूचना मिलने पर हमदर्द चौराहे पर चेकिंग शुरू की। संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर मेरठ की ओर भागने लगे।
पीछा करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पूछताछ में घायलों ने अपने नाम आमिर निवासी ग्राम बोन्द्रा थाना किठौर जनपद मेरठ और संजय सैनी उर्फ शिवा निवासी ग्राम झिटकरी थाना सरधना जनपद मेरठ बताया। दोनों बदमाशों ने गोविंदपुरम, लोहियानगर, संजय नगर और जीटी रोड स्थित एक होटल के सामने महिलाओं की सोने की चैन और मंगलसूत्र झपट लिए थे।

