Ghaziabad News : गाजियाबाद से सांसद अतुल गर्ग ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) मुख्यालय में चेयरमैन संतोष यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने चेयरमैन से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
ज्ञानी बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की मांग
सांसद अतुल गर्ग ने लालकुआं, गाजियाबाद से ज्ञानी बॉर्डर तक लगभग 14 किलोमीटर लंबे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
एलिवेटेड रोड के निर्माण का प्रस्ताव
इसके अतिरिक्त सांसद अतुल गर्ग ने नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक बढ़ते यातायात दबाव एवं जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एलिवेटेड रोड के निर्माण का प्रस्ताव रखा। इस पर एनएचएआई चेयरमैन संतोष यादव ने सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि इस विषय पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा कर शीघ्र समाधान का मार्ग निकाला जाएगा। सांसद अतुल गर्ग ने क्षेत्र के विकास एवं नागरिकों की सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार एवं एचएचएआई के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

