Ghaziabad News: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित जमीन पर बने मदरसे को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पांच बुलडोजर मौके पर लगाए गए थे। जिन्होंने करीब दो घंटे के भीतर पूरे निर्माण को गिरा दिया। प्रशासन ने इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल भी तैनात किया था। इससे एक दिन पहले खोड़ा क्षेत्र में दो मदरसों को सील कर दिया था। ये कार्रवाई खोड़ा में सूर्या चौहान की हत्या के बाद की गई। हालांकि सूर्या को मारने वाला असद भी एनकाउंटर में मारा गाया था।
भारी संख्या में तैनात रहा पुलिस बल
बुधवार को मसूरी क्षेत्र के जिस मदरसे पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। मदरसा अवैध रूप से बना था। प्रशासन को कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। मौके पर तीन प्लाटून आरएएफ, दो कंपनी पीएसी, दूसरे जोन से 500 पुलिसकर्मी, स्थानीय स्तर पर करीब 300 पुलिसकर्मी, आठ थाना प्रभारी और अन्य सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। कुछ पुलिसकर्मी एंटी-रायट उपकरणों से भी लैस थे।
एक करोड़ 23 लाख का जुर्माना
प्रशासन ने मदरसा संचालक फारूक पर एक करोड़ 23 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लेखपाल अनुपम मिश्रा की शिकायत पर मसूरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
माइक से कानूनी आदेश पढकर सुनाया
मदरसा पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू करने से पहले तहसीलदार ने मौके पर मौजूद लोगों को माइक से कानूनी आदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, मदरसा संचालक दिल्ली निवासी फारूक पर ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप है। बताया गया कि वर्ष 2021 में इस जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराया गया था।
12 बीघा में कब्जायी थी 24 करोड़ की जमीन
मदरसे का नाम मदरसा जामिया अरबिया इशातुल है। जो मसूरी क्षेत्र के कल्लूगढ़ी इलाके में बनाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, जमीन सरकारी बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। मदरसा कुल 12 बीघा जमीन पर कब्जा कर बनाया गया था। प्रशासन के अनुसार, जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपए बताई गई है।
गाजियाबाद के मसूरी में प्रशासन ने ध्वस्त किया अवैध मदरसा
RELATED ARTICLES

