Ghaziabad News : प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्रेरणा एवं शासन की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप जनपद गाजियाबाद में ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिनांक 26 मई 2026 को न्याय पंचायत भोजपुर स्थित पंचायत भवन में “ग्राम जन चौपाल (रात्रिकालीन)” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी गाजियाबाद रविंद्र कुमार मादड़ द्वारा की गई। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भोजपुर सुचेता सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद कुमार सौरभ उपस्थिति रहे। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
गांव की समस्या का गांव में समाधान
“गांव की समस्या—गांव में समाधान” की भावना के साथ आयोजित इस जन चौपाल में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएँ, शिकायतें एवं सुझाव प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखे। ग्रामीणों द्वारा पेयजल, विद्युत, सड़क, आवास, पेंशन, राशन, सिंचाई, स्वच्छता तथा राजस्व संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योजनाओं की ग्रामीणों को दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया तथा अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु जागरूक एवं प्रेरित किया।
शासन की प्राथमिकता है प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन का विश्वास शासन एवं प्रशासन के प्रति और अधिक मजबूत हो सके।
सीडीओ ने दी ग्रामीण विकास की जानकारी
मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है। वहीं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सुचेता सिंह ने ग्रामवासियों से प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने एवं विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों में दिखा चौपाल कार्यक्रम में उत्साह
रात्रिकालीन ग्राम जन चौपाल कार्यक्रम ग्रामीणों एवं प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी एवं सशक्त माध्यम बनकर उभरा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह, विश्वास एवं संतोष का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने एवं त्वरित समाधान की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास एवं जनसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
गाजियाबाद के भोजपुर में जिलाधिकारी ने रात्रिकालीन ग्राम जन चौपाल में सुनीं लोगों की समस्याएं
RELATED ARTICLES

