Ghaziabad News : भीषण गर्मी के बीच जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने बिजली विभाग के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।
बढ़ती गर्मी एवं विद्युत कटौती संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार को राजनगर स्थित मेला प्लाजा के समीप बिजली विभाग के नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल ऑफिस) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
विद्युत आपूर्ति की मॉनिटरिंग प्रणाली का गहन जायजा लिया
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने कंट्रोल रूम में स्थापित शिकायत प्रबंधन प्रणाली, कॉल रिस्पॉन्स व्यवस्था एवं विद्युत आपूर्ति की मॉनिटरिंग प्रणाली का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा विद्युत कटौती की स्थिति में संबंधित क्षेत्रों में शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विद्युत लोड बढ़ने पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए
इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि भीषण गर्मी के चलते बढ़ते विद्युत लोड को ध्यान में रखते हुए विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां 24×7 निगरानी की जा रही है। साथ ही ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं दो उपभोक्ताओं से फोन पर बातचीत कर विद्युत विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। दोनों उपभोक्ताओं ने विभाग की कार्यप्रणाली एवं शिकायतों के समाधान पर संतोष व्यक्त किया।
जिले में दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
9193320115 और 9193320002 हैं। जिन पर किसी भी समय फोन कर लोग बिजली कटौती की शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद में बिजली की आपूर्ति निर्बोध सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में विद्युत कंट्रोल रूम मुख्य अभियंता विद्युत (नगर) के कार्यालय में स्थापित किया गया है, जिसमें जनपदवासी बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायत/समस्या दर्ज करा सकते हैं। जिससे उक्त शिकायत/समस्या का त्वरित निस्तारण किया जा सके। उक्त विद्युत कंट्रोल रूम पूरे 24 घंटे तक संचालित रहेगा।

