Weather News : गाजियाबाद का तापमान इन दिनों 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
गाजियाबाद में आज गुरुवार को सुबह से गर्म हवा चलनी शुरू हो गई है। इन दिनों हीटवेव ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हालात ये हैं कि सुबह 10 बजे के बाद सड़कें सूनी हो जा रही हैं। गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने एक सप्ताह तक हीट वेव और गर्म रात का अलर्ट जारी किया है।
20 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही गर्म हवाएं
गाजियाबाद में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। पिछले चार दिनों से चल रही तेज लू ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। शहर में सड़कें सूनी नजर आती हैं। लू के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। आईएमडी के अनुसार गाजियाबाद में 44 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान पहुंचने पर जिले को हीट वेव की श्रेणी में माना जाता है। अगले 7 दिनों तक तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में लू की संभावना बनी रहेगी। आज 21 मई को ‘हीट वेव और गर्म रात’ की चेतावनी जारी की है। कल 22 मई को भी लू परेशान करेगी। 23 मई से 26 मई तक दिन में सतही हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि मौसम साफ रहेगा और तेज धूप परेशान करेगी।
नोएडा में पारा 45°C पार पहुंचने की संभावना
नोएडा में गर्मी और अधिक खतरनाक रूप ले रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 21 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर है। आज नोएडा में हीट वेव का अलर्ट जारी है। जो कि अभी तीन दिन रहेगा।
बुलंदशहर में आसमान साफ, गर्मी झुलसाएगी
बुलंदशहर में भी हीट वेव की चेतावनी है। तापमान लगातार 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच है। अगले एक सप्ताह तक तेज धूप परेशान करेगी। आज 21 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 और 25 मई को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा
चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी और उमस के कारण डिहाइड्रेशन, पेट में ऐंठन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ सकता है।
दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें
गाजियाबाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें। उन्होंने सलाह दी है कि हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकें, पानी पीते रहें और सफर में पानी की बोतल साथ रखें।
गाजियाबाद का तापमान पहुंचा 45 के पास, लू और गर्मी का डबल अटैक
RELATED ARTICLES

