Noida News: नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण (नष्टीकरण) किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई।
2918 किलो गांजा और चरस भी बरामद
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को एनडीपीएस अधिनियम के तहत विभिन्न थानों में जब्त किए गए कुल 2,918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए (MDMA), 1.77 किलोग्राम नशीली गोलियां तथा 1.12 किलोग्राम हेरोइन का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए गए विभिन्न अभियानों के दौरान यह मादक पदार्थ बरामद किए गए थे। इनके विनिष्टीकरण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इन नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।
नशा मुक्त समाज, सुरक्षित भविष्य
कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित भविष्य” के संकल्प को साकार करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को दें।

