Noida News: नोएडा विकास प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए सोमवार को ग्राम कामबख्शपुर में बड़ी कार्रवाई की। नोएडा विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने करीब 10 हजार वर्गमीटर भूमि को भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराया। इस दौरान अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते वे मौके से हट गए। नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के निर्देश पर भूलेख विभाग, वर्क सर्किल-10 और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम कामबख्शपुर स्थित खसरा संख्या-93 पर चल रहे अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
जेसीबी मशीनों और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची
निर्धारित योजना के तहत प्राधिकरण की टीम जेसीबी मशीनों और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। वर्क सर्किल-10 की टीम ने मौके पर बने निर्माणों को हटाते हुए लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिकारियों के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण, अतिक्रमण अथवा भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।
प्राधिकरण ने आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी
प्राधिकरण ने आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों, अनधिकृत प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण के झांसे में आने से बचें। नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों और सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण का उद्देश्य नियोजित विकास को सुनिश्चित करना और सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त रखना है।

