Ghaziabad News: थाना मोदीनगर क्षेत्र के अंतर्गत गांव बुदाना से देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव में शराब के नशे में धुत एक बेटे ने मामूली कहासुनी और जमीन के विवाद में अपने पिता की पिस्टल से अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पिता के चेहरे, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में करीब 4 से 6 गोलियां मारीं और वारदात को अंजाम देकर हथियार सहित फरार हो गया।
इलाके में मचा हड़कंप,पुलिस मौके पर
सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके और परिवार में हड़कंप मच गया है। मौके पर डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
75 बीघा जमीन और मार्केट के मालिक हरिओम
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुदाना निवासी हरिओम चौधरी क्षेत्र के सम्पन्न और प्रतिष्ठित किसानों में माने जाते थे। हरिओम 150 करोड़ से अधिक की अचल सम्पत्ति के मालिक थे। उनके नाम मोदीनगर के पास 75 बीघा कृषि भूमि है। इसके अलावा मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जीवन अस्पताल के ठीक सामने उनकी एक मार्केट है। हरिओम के परिवार में उनकी पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू हैं। परिजनों के मुताबिक, बड़ा बेटा निखिल शराब का आदी है। जिसके कारण घर में कलह रहती थी। पिता हरिओम ने निखिल के खर्चों और शौक के लिए उसे मार्केट की दुकानें और लगभग 25 बीघा जमीन पहले से दी थी। लेकिन निखिल जमीन पूरी तरह अपने नाम रजिस्ट्री करवाना चाहता था। जबकि पिता को डर था कि निखिल जमीन को शराब और अपने गलत शौकों में बेचकर बर्बाद कर देगा।
प्राइवेट पार्ट और सीने में मार दीं गोलियां
बुधवार देर रात हरिओम ने अपनी पत्नी अनीता और छोटे बेटे नीशू के साथ खाना खाया। उस समय निखिल घर पर नहीं था। निखिल देर रात शराब पीकर घर लौटा। पिता हरिओम ने उसे इतनी रात गए शराब के नशे में धुत होने पर डांटा। पिता की डांट से क्रोधित हुआ निखिल ने कमर से पिस्टल निकाल ली और पिता हरिओम से भिड़ गया।
शोर सुनकर दूसरे कमरे से मां अनीता और छोटा भाई नीशू दौड़कर आए और दोनों ने निखिल को शांत करने की कोशिश की। लेकिन हाथापाई के बीच निखिल ने ट्रिगर दबा दिया। गोली चल गई जो कि हरिओम के चेहरे पर लगी। हरिओम लहुलुहान होकर फर्श पर गिर गए। गुस्साएं निखिल ने पिता के सीने व प्राइवेट पार्ट के पास कई गोलियां मारी। गोलियों की आवाज से गांव दहल गया।
छोटे भाई नीशू पर कर चुका हमला
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि हत्यारोपी निखिल इससे पहले 2018 में अपने सगे छोटे भाई नीशू पर फायरिंग कर चुका है। जिसमें एक गोली नीशू को लगी थी और वह घायल हुआ था। उस समय भी परिवार में बड़ा विवाद हुआ था।
पत्नी अनीता का बुरा हाल
पति ओमप्रकार की बेरहमी से हत्या के बाद पत्नी अनीता का बुरा हाल है। वह बार-बार चीखकर कह रही थीं कि ‘तूने तो पूरा हंसता-खेलता घर उजाड़ दिया।’ पुलिस जांच कर रही है कि घटना से पहले निखिल ने किन दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी। उसे यह पिस्टल कहां से उपलब्ध हुई।

