Ghaziabad News: कांवड़ यात्रा नजदीक आते ही विद्युत विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा तैयारियों में जुट गया है। पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता ने सभी 14 जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कांवड़ यात्रा मार्गों, मुख्य शिविरों एवं प्रमुख मंदिरों पर विशेष सुरक्षा, निरीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही की जाए। पीवीवीएनएल एमडी ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर विद्युत व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
सुरक्षित विद्युत आपूर्ति हेतु सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय
अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्रों मे भ्रमण कर, विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करें। कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति हेतु सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाएं। पीवीवीएनएल एमडी द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि जिन मार्गों से कांवड़ यात्रा गुजरेगीं या आयोजन संपन्न होगें ऐसे कांवड़ यात्रा मार्गों, स्थलों पर पडने वाले बिजली की खंभों का परीक्षण सुनिश्चित कर लिया जाए। रात्रि के समय मार्ग / स्थलों पर विद्युत आपूर्ति मे व्यवधान न हो, लोकल फॉल्ट को तत्काल अटेण्ड कर ठीक कर दिए जाए।
अस्थाई संयोजन अविलम्ब प्रदान किया जाए
उन्होनें अधिकारियों को निर्देश दिए हैं यदि कांवड़ यात्रा मार्गों एवं कार्यक्रम स्थलों पर अस्थाई विद्युत संयोजन की मॉग होती है तो अस्थाई संयोजन अविलम्ब प्रदान किया जाए। कांवड़ यात्रा की संपूर्ण अवधि के दौरान लगातार, निगरानी रखी जाए तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विद्युत गैंग को सतर्क रखा जाए। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए पूर्णरूप से प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है।

