Ghaziabad News : मंडोला, वेब सिटी, मीरपुर हिंदू गांव में कूडा निस्तारण सहित अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को महापंचायत का आयोजन किया। भाकियू की ये महापंचायत सीबीआई अकादमी मार्ग पर आयोजित की गई। किसान महापंचायत में भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान किसानों की उपरोक्त समस्याओं को लेकर किसान नेताओं ने मंच से अपनी बातों को उठाया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के अलावा अन्य किसान नेताओं ने भी किसान हित की बातों को उठाया। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। किसानों पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं। अपने हक की बात करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। अधिकारियों से बिल्डरों की साठगांठ हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि अधिकारियों ने पूरा गाजियाबाद बेच डाला। किसानों की जमीनों को हड़प लिया है।
जमीन अधिग्रहरण और स्थानीय समस्याओं को उठाया
गाजियाबाद में ‘भारतीय किसान यूनियन’ (बीकेयू) के बैनर तले आयोजित किसान महापंचायत में जमीन अधिग्रहण, उचित मुआवजे और स्थानीय समस्याओं को लेकर किसानों ने हुंकार भरी। महापंचायत में राकेश टिकैत हिस्सा लेकर प्रशासन को अल्टीमेटम दिया। मौके पर जीडीए, आवास विकास परिषद और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
अधिकारियों ने महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को जल्द ही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। राकेश टिकैत ने कहा कि बिल्डर से अधिकारियों की साठगांठ है। इसी वजह से सर्किल रेट नहीं बढ़ाये जा रहे हैं। आज अधिकारियों से बात हुई है। आगे समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। राकेश टिकैत ने सरकार को घेरते हुए कहा कि 10 साल पुराने वाहनों को इसी वजह से बाहर किया जा रहा है क्योंकि कंपनियों को सरकार फायदा पहुंचा रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ना भी सरकार की नाकामी का नतीजा है।
गाजियाबाद में किसानों की महापंचायत में गरजे राकेश टिकैत
RELATED ARTICLES

