Ghaziabad News : गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद के दिन हुए सूर्या हत्याकांड मामले के बाद पुलिस प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। पूरे खोड़ा क्षेत्र को पुलिस प्रशासन ने पुलिस छावनी में बदल दिया है। आज मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ भारी पुलिस बल के साथ खोड़ा पहुंचे।
तीन अवैध मदरसों को भेजा नोटिस
डीएम रविंद्र कुमार मांदड ने बताया कि खोड़ में तीन अवैध मदरसे चिह्नित किए हैं। इन तीनों मदरसों को नोटिस जारी किया गया है। अब इनको सील करने की कार्रवाई की जाएगी। गाजियाबाद पुलिस ने खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में सत्यापन अभियान शुरू किया है।
17 हजार से अधिक अपराधियों की कुंडली
इस दौरान क्षेत्र के 17,174 अपराधियों की कुंडली खंगाली जाएगी। इसमें खोड़ा के 600 अपराधी व 14 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर हैं। इससे पहले सोमवार को अभियान के दौरान पुलिस के साथ राजस्व विभाग टीम, डॉग स्क्वायड शामिल रहा था। इस दौरान घरों की मेटल डिटेक्टर से जांच हुई थी। इलाके के नक्शे के आधार पर ड्रोन की सहायता से खोडा के मकानों का भौतिक सर्वे किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी चला रहे हैं डीएम के निर्देश पर अभियान
खोड़ा में डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ और एडिशनल सीपी राज करण नैय्यर के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। एडिशनल सीपी ने बताया कि खोड़ा में तीन एसीपी और पांच थाना प्रभारियों को सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक एसीपी के नेतृत्व में टीम तैयार की गई है। टीम का कार्य अपराधियों का चिह्नीकरण करना है। ऐसे अपराधी जो कि हत्या, चोरी, छिनैती, लूट और मादक पदार्थों की तस्करी और आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई करना है। खोड़ा के बाद कौशांबी, साहिबाबाद, इंदिरापुरम, शालीमार गार्डन, लिंकरोड और टीलामोड़ में ये अभियान चलाया जाएगा।
आरोपियों के संपत्तियों की जांच
गाजियाबाद प्रशासन के निर्देश पर खोड़ा नगर पालिका की ओर से इलाके का सर्वे कराया जा रहा है। सूर्या हत्याकांड के अन्य आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी संपत्ति पर अवैध कब्जा या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।



