Ghaziabad News : केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के 48वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशाल आर्य युवक चरित्र निर्माण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का शुभारंभ शिक्षाविद डा.अमिता चौहान व डॉ.अशोक कुमार चौहान के सान्निध्य में हुआ। शिविर में 225 आर्य युवक भाग ले रहे हैं।
मुख्य अतिथि डा. सत्यपाल सिंह (पूर्व पुलिस कमिश्नर व केन्द्रीय मंत्री) ने दीप प्रज्ज्वालित तथा कर्नल करण खर्ब ने ध्वजारोहण कर शिविर का शुभारम्भ किया।
समाज निर्माण का कार्य हाथ में लिया
डा.सत्यपाल ने कहा कि आर्य समाज का देश पर बहुत उपकार है। जिन्होंने समाज निर्माण का कार्य हाथ में लिया है, यह बहुत बड़ी ताकत है यह संस्कार पूरी आयु चलते हैं और ऐसे चरित्र निर्माण के शिविरों से हमारा सर्वांगीण विकास होता है। चरित्रवान युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आर्य समाज राष्ट्र की नींव मजबूत करने का सराहनीय कार्य कर रहा है।यहां से सीख कर बच्चे अपने माता-पिता के आज्ञाकारी बनेंगे और उन्हें वृद्ध आश्रम में नहीं पहुंचाएंगे।उन्होंने एक गीत जीवन गुजर गया तो जीने का ढंग आया भी सुनाया।
सम्मान करने के लिए प्रेरित किया
मुख्य वक्ता वैदिक विद्वान् डा.जयेन्द्र आचार्य ने कहा कि चरित्रवान युवा भारत का भविष्य है। उन्होंने युवाओं को मातृभाषा, मातृभूमि,देश की संस्कृति, माता-पिता और गुरु का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि भावी युवा पीढ़ी चरित्रवान व संस्कारवान बने यही आर्य समाज का लक्ष्य है इन शिविरों से निकले युवा ईश्वर भक्त व राष्ट्र भक्त बनेंगे।परिषद निरंतर युवाओं के निर्माण में संलग्न है। आर्य नेत्री प्रिंसिपल रेनू सिंह, कर्नल कर्ण खरब,महेंद्र भाई ने संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
सुन्दर भजन प्रस्तुत किए
गायिका पिंकी आर्या,राम कुमार,कमल आर्य ,नरेश चन्द्र एवं प्रवीण आर्य ने सुन्दर भजन प्रस्तुत किए। प्रदेश अध्यक्ष योगी प्रवीण आर्य ने बताया क़ि शिविर में 8 दिन तक युवकों को योगासन,दण्ड बैठक, लाठी,जूडो कराटे,आत्म रक्षा व साथ ही संध्या यज्ञ, भारतीय संस्कृति की जानकारी का शिक्षण दिया जायेगा।
गाजियाबाद में आठ दिवसीय आर्य युवक चरित्र निर्माण शिविर का शुभारंभ
RELATED ARTICLES

