Ghaziabad News: जिले के नंदग्राम थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में फायरिंग के दौरान एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में तनाव है। मौके पर पुलिस तैनात कर दिया गया है। घटना करीब 12 बजे के आसपास की है। नंदग्राम थाना को सूचना मिली कि दो गुटों के बीच मारपीट हो रही है। दोनों ओर से फायरिंग की गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि एक पक्ष में चार से पांच युवक थे। जबकि दूसरे पक्ष में दस युवक थे। इसी दौरान बड़े गुट के दो युवकों ने फायरिंग कर दी। जिसमें एक युवक के हाथ में गोली लगी।
उसका उपचार जारी है
घायल को जिला अस्पताल गाजियाबाद ले जाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त, नंदग्राम जमीउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पुरानी रंजिश को झगड़े की वजह माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

