Ghaziabad News: चुनाव आयोग के खिलाफ रविवार को समाजवादी पार्टी ने जन आक्रोश महामार्च निकाला। इस दौरान गाजियाबाद की सड़कों पर सपाइयों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सपाइयों ने ‘वोट बचाओ देश बचाओ लोकतंत्र बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए।
मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार आवाज
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन एवं महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में सपा का जन आक्रोश महामार्च अम्बेडकर पार्क, नवयुग मार्केट से गांधी पार्क, लोहिया नगर तक निकाला गया। जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने बताया कि समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जन आक्रोश महामार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा तथा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार आवाज उठाई।
लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि मतदाता का वोट भारतीय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक शक्ति है। यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया जाता है अथवा उसके मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जाता है, तो यह केवल प्रशासनिक त्रुटि नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
मतदाता सूचियों से हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही
समाजवादी पार्टी ने विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके माध्यम से बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को भारतीय संविधान ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान होना आवश्यक है।
पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
महामार्च के गांधी पार्क, लोहिया नगर पहुंचने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव नितिन त्यागी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्क के बाहर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका पुतला दहन किया। मार्च में जिला महासचिव नितिन त्यागी, महानगर महासचिव राजन कश्यप, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, पूर्व विधायक हाजी जाकिर, पूर्व विधायक केके शर्मा, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के अलावा युवजन महानगर की टीम भी उपस्थित रही।

